इराक़ की राजधानी बगदाद में तीर्थयात्रियों के मध्य एक कार बम धमाके में कम से कम 7 लोग मारे गये और कई अन्य घायल हो गये।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह धमाका शनिवार की शाम को बगदाद के अलकरादा क्षेत्र में उस समय हुआ जब इमाम मूसा काज़िम अलैहिस्सलाम की ज़ियारत के लिए जाने वालों के मध्य ज़रूरी चीज़ें बांटी जा रही थीं। पुलिस ने बताया है कि कहरमाना स्क्वायर पर एक कार बम का धमाका हुआ जिससे शीआ मुसलमानों को निशाना बनाया गया। काज़मैन शीआ बाहुल्य नगर है जो बगदाद के उत्तर में स्थित है जहां शीआ मुसलमानों के दो इमामों का मज़ार है। आतंकवादियों की ओर से अत्याधिक खतरो के बावजूद इमाम मूसा काज़िम अलैहिस्सलाम का शोक बनाने इराक और विदेश से लाखों श्रद्धालु काज़मैन पहुंचे हैं। आतंकवादी इराक में विभिन्न क्षेत्रों से ज़ियारत के लिए कर्बला, काज़मैन और सामर्रा जाने वाले तीर्थयात्रियों को निशाना बनाते रहते हैं किंतु इसके बावजूद इराक जाने वाले शीआ मुसलमानों की संख्या में दिन प्रतिदिन वृद्धि हो रही है।